तनवीर अली हरिद्वार।
त्यौहार पर खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई: हरिद्वार और रुड़की में विशेष अभियान चलाकर 16 नमूने लैब भेजे, 3 को नोटिस,मोबाइल फूड लैब से 73 उत्पादों की जांच, 14 मानक पर अमानक मिले…
हरिद्वार, 03 नवंबर 2026:
दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र और रुड़की में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया गया।
हरिद्वार में 3 विधिक नमूने लिए गए
हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में टीम ने जटवाड़ा पुल के पास दुग्ध वाहक वाहन से दूध, रामघाट सब्जी मंडी (हरकी पैड़ी) में मावा सप्लायर से मावा और कनखल की एक दुकान से खोया बर्फी का विधिक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।
रुड़की में 13 नमूने संग्रहित, 3 कारोबारियों को नोटिस
रुड़की शहर और कैंटोनमेंट क्षेत्र में उपायुक्त (लैब) वीरेन्द्र सिंह बिष्ट व सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पांडेय और दिलीप जैन की टीम ने छापेमारी की। टीम ने मिठाइयों के 12 और पनीर का 1 (कुल 13) नमूना जांच के लिए भेजा। वहीं, उत्पादों पर मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी डेट दर्ज न करने और बिना लाइसेंस कारोबार करने पर 3 व्यापारियों को मौके पर नोटिस जारी किए गए।
मोबाइल फूड लैब से 73 उत्पादों की जांच, 14 मानक पर अमानक मिले
अभियान के दौरान मोबाइल फूड लैब की मदद से कनिष्ठ विश्लेषक अनुराग और लैब सहायक गौरव नेगी की टीम ने मौके पर ही मिठाई, दूध, तेल व बेकरी के 73 सैंपलों की जांच की। इनमें से 14 उत्पाद मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिन्हें तुरंत मौके से हटवा दिया गया।
अधिकारियों की चेतावनी:
विभाग ने सभी विक्रेताओं को उत्पादों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
कुंभ मेला-2027: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए एक्शन मोड में मेला प्रशासन, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने किया बहादराबाद और ज्वालापुर में निर्माणाधीन घाटों का औचक स्थलीय निरीक्षण; गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए कड़े निर्देश,गंगनहर बंदी के दौरान युद्धस्तर पर कार्य पूरा करने के निर्देश,
आचार्यकुलम् का 14वाँ वार्षिकोत्सव ‘संकल्प से सिद्धि’ थीम पर धूमधाम से संपन्न, मेधावियों को 2 लाख रुपये के नकद पुरस्कार,विशिष्ट अतिथियों व पतंजलि परिवार की रही गरिमामयी उपस्थिति,संस्कृति व राष्ट्रोत्थान का प्रतीक: पूज्य स्वामी जी व आचार्यश्री…
कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर चौकी लालढांग में आयोजित की सर्वसमुदाय की बैठक, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर…