आचार्यकुलम् का 14वाँ वार्षिकोत्सव ‘संकल्प से सिद्धि’ थीम पर धूमधाम से संपन्न, मेधावियों को 2 लाख रुपये के नकद पुरस्कार,विशिष्ट अतिथियों व पतंजलि परिवार की रही गरिमामयी उपस्थिति,संस्कृति व राष्ट्रोत्थान का प्रतीक: पूज्य स्वामी जी व आचार्यश्री…

तनवीर अली हरिद्वार।

आचार्यकुलम् का 14वाँ वार्षिकोत्सव ‘संकल्प से सिद्धि’ थीम पर धूमधाम से संपन्न, मेधावियों को 2 लाख रुपये के नकद पुरस्कार,विशिष्ट अतिथियों व पतंजलि परिवार की रही गरिमामयी उपस्थिति,संस्कृति व राष्ट्रोत्थान का प्रतीक: पूज्य स्वामी जी व आचार्यश्री…

​हरिद्वार। परमपूज्य स्वामी रामदेव जी एवं परमश्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी द्वारा स्थापित आवासीय शिक्षण संस्थान ‘आचार्यकुलम्’ का 14वाँ वार्षिकोत्सव पतंजलि विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। ‘संकल्प से सिद्धि’ विषय (थीम) पर आधारित इस भव्य कार्यक्रम ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

​कार्यक्रम में पतंजलि के विविध प्रकल्पों, भारतीय शिक्षा बोर्ड की वैदिक व आधुनिक शैक्षिक दृष्टि तथा संकल्प से सिद्धि प्राप्त करने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों पर आधारित नयनाभिराम झाँकियों का मंचन किया गया।

संस्कृति व राष्ट्रोत्थान का प्रतीक: पूज्य स्वामी जी व आचार्यश्री

समारोह में पूज्य स्वामी रामदेव जी ने आचार्यकुलम् की सराहना करते हुए कहा, “आचार्यकुलम् विश्व का विशिष्ट शिक्षण संस्थान है। यहाँ के विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के सभी मूल्य सर्वोत्कृष्ट रूप में विद्यमान हैं।”

​वहीं परमश्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी ने संस्थान के ध्येय को रेखांकित करते हुए कहा, “आचार्यकुलम् का वार्षिकोत्सव पतंजलि परिवार के राष्ट्रोत्थान यज्ञ व शैक्षिक दृष्टि की मात्र एक झाँकी है।”

​मेधावी छात्रों को 2 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से किया सम्मानित

समारोह के दौरान सत्र 2025-26 के कक्षा 5 से 12 तक में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को पूज्य स्वामी जी द्वारा कुल 2 लाख रुपये के नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त योग, खेलकूद व कला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया:

  • ​आदर्श विद्यार्थी सम्मान: दिव्यांश एवं मधु
  • ​श्रेष्ठ सांस्कृतिक पुरस्कार: धैर्य अग्रवाल एवं सरल
  • ​सर्वश्रेष्ठ कलाकृति सम्मान: तनिष्का बिजल्वाण
  • ​विजेता व उपविजेता सदन: आपदा (आपस) सदन ने विजेता तथा वायु सदन ने उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।

​पूर्व छात्रों ने साझा कीं सफलता की गाथाएँ

वार्षिकोत्सव में देश के शीर्ष संस्थानों (AIIMS, IIT आदि) में अध्ययनरत संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों—तन्वी राणा, दिव्यांशु यश, आयुष शर्मा, सुजाता, दरबारा सिंह, दिव्यांशु मोहन आर्य, आर्येश, स्वप्निल, यक्षराज सिंह, दान कौर, सुप्रज्ञ, माहिया, दृष्टि, आयुष कसाना एवं युवराज—ने अपने अनुभव साझा किए और अपनी सफलता का श्रेय आचार्यकुलम् के संस्कारों व शिक्षा को दिया।

विशिष्ट अतिथियों व पतंजलि परिवार की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में मुख्य अतिथियों के साथ पतंजलि विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति परमपूज्या साध्वी देवप्रिया जी, पतंजलि क्रय समिति की अध्यक्षा श्रीमती अंशुल जी व श्रीमती पारुल जी, तथा भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ० एन० पी० सिंह जी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

​इस अवसर पर आचार्यकुलम् की उपाध्यक्षा डॉ० ऋतंभरा शास्त्री ‘बहन जी’, पतंजलि कैरियर अकादमी के प्रमुख श्री प्रदीप जी, प्राचार्या श्रीमती स्वाति मुंशी जी, उप-प्राचार्य श्री तापस कुमार बेरा जी, स्वामी बजरंगदेव जी, श्री भगवान दादा जी, श्री उदयवीर दादा जी, समन्वयिका श्रीमती दीपा जी, मुख्य छात्रावास अधीक्षक व क्रीड़ाध्यक्ष श्री अमित जी, संन्यासीगण, आचार्यवृंद, कर्मचारीगण तथा भारत व नेपाल से आए भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

You may have missed