जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का निर्देश: हरिद्वार में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलेगा “स्वच्छता ही सेवा–2026” महाअभियान…

तनवीर अली हरिद्वार।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का निर्देश: हरिद्वार में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलेगा “स्वच्छता ही सेवा–2026” महाअभियान

हरिद्वार। भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा–2026 (SHS-2026)” अभियान का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता व जनजागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

​इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को एक जन आंदोलन का स्वरूप देना है।

अभियान का चरणबद्ध कार्यक्रम:

  • प्रथम चरण (जागरूकता एवं प्रतियोगिताएँ): विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वच्छता शपथ, जागरूकता रैलियाँ, चित्रकला, निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। छात्रों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026, कचरा पृथक्करण, जल संरक्षण और 3R (Reduce, Reuse, Recycle) के सिद्धांतों से जोड़ा जाएगा।
  • 23 से 26 सितम्बर (जन-जागरूकता व प्लास्टिक उन्मूलन): डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, कम्पोस्ट निर्माण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक उन्मूलन के लिए अभियान चलेगा। इसके साथ ही “कूड़े से कला”, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला और पुराने कचरे (Legacy Waste) के निस्तारण जैसे कार्य किए जाएंगे।
  • 27 से 30 सितम्बर (धार्मिक स्थल व सफाई मित्र कल्याण): पर्यटन व धार्मिक स्थलों की विशेष सफाई होगी। सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, सुरक्षा उपकरण वितरण तथा सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।
  • 02 अक्टूबर (गांधी जयंती व समापन): जनपदभर में सामूहिक श्रमदान, “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत वृक्षारोपण और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।

​जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों व स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अभियान की सभी गतिविधियों की रिपोर्ट और फोटो समयबद्ध रूप से ‘स्वच्छता ही सेवा’ पोर्टल पर अपलोड करें।

You may have missed