तनवीर अली हरिद्वार।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश: सुमन नगर में युद्धस्तर पर जल निकासी जारी, अब तक 81 लाख लीटर पानी बाहर, बीमारियों से बचाव के लिए की जा रही छिड़काव और नालों की सफाई…
कुमार की विशेष रिपोर्ट
हरिद्वार, 15 सितंबर (प्रेस विज्ञप्ति):
तहसील हरिद्वार एवं विकासखंड बहादराबाद के अंतर्गत सुमन नगर क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण उत्पन्न हुए भीषण जलभराव से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुट गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कड़े रुख और निर्देशों के बाद पूरे प्रभावित क्षेत्र में युद्धस्तर पर जल निकासी का अभियान चलाया जा रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा पूरे अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि क्षेत्र में जल्द से जल्द जनजीवन सामान्य हो सके।
आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने जानकारी दी की जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तहसील प्रशासन हरिद्वार तथा उत्तराखंड जल संस्थान (अनुरक्षण शाखा – गंगा) द्वारा पंपों एवं ट्रैक्टर-टैंकरों की मदद से प्रभावित मोहल्लों से लगातार पानी निकाला जा रहा है।
81 लाख लीटर पानी की निकासी पूरी
अभियान के तहत बंधा संख्या 01, 02, 04 एवं 05 की अधिकांश प्रभावित गलियों को जलभराव मुक्त करा लिया गया है। 01 सितंबर से लेकर अब तक क्षेत्र से लगभग 81 लाख लीटर पानी निकाला जा चुका है।
जल संस्थान (सीवर) के सहायक अभियंता जुनैद ने बताया कि बंधा संख्या 03 और गली संख्या 03 में लगभग 60 प्रतिशत जल निकासी का कार्य पूरा हो चुका है। शेष गलियों में कार्य तेजी से प्रगति पर है।
बीमारियों से बचाव के लिए छिड़काव और नालों की सफाई
जलभराव के बाद संक्रामक बीमारियों के खतरे को देखते हुए विकासखंड बहादराबाद द्वारा प्रभावित इलाकों में कीटनाशकों का छिड़काव कराया जा रहा है। वहीं, सिंचाई विभाग जेसीबी मशीनों से नालों की सफाई करा रहा है और कच्चा नाला खोदकर पानी की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा रही है।
अगले दो दिनों में काम पूरा होने की संभावना
तहसील प्रशासन की ओर से पटवारी नवीन त्यागी ने बताया कि वर्तमान में जल निकासी के लिए एक ट्रैक्टर, एक वाटर पंप और दो टैंकर लगातार कार्य कर रहे हैं। पिछले दो-तीन दिनों से बारिश न होने के कारण अगले 48 घंटों में जल निकासी का कार्य पूरी तरह संपन्न होने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मौके पर रहकर निगरानी बनाए रखें और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें।

More Stories
हरिद्वार में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का बड़ा एक्शन: रानीपुर पुलिस ने अवैध शराब के साथ शराब तस्कर को धर दबोचा…
हरिद्वार पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: श्यामपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान 400 ग्राम चरस के साथ तस्कर को दबोचा,बाइक और मोबाइल बरामद, आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी…
एसपी जीआरपी अरुणा भारती के नेतृत्व में जीआरपी हरिद्वार को मिली बड़ी सफलता: ऑपरेशन प्रहार के तहत 3 शातिर चोर गिरफ्तार, बाइक और 2 महंगे लैपटॉप बरामद…