तनवीर अली हरिद्वार।
शांतरशाह में सरेराह दुस्साहस के बाद एसएसपी ने खुद संभाली कमान, दुकान में घुसकर बाइक मैकेनिक की गोली मारकर हत्या के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर खुद मौके पर पहुंचे, बोले- “बख्शे नहीं जाएंगे कातिल”
थाना बहादराबाद क्षेत्र के ग्राम शांतरशाह में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बाइक रिपेयरिंग शॉप में घुसकर दो नकाबपोश बदमाशों ने एक 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और कप्तान (एसएसपी) ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
शाम करीब 7:10 बजे की घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम शांतरशाह निवासी हैप्पी (25 वर्ष) पुत्र राजकुमार गांव में ही बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। सोमवार शाम करीब 7:10 बजे मुंह पर सफेद रंग का कपड़ा लपेटे दो अज्ञात युवक उसकी दुकान में घुसे। इससे पहले कि हैप्पी कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही हैप्पी खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से भाग निकले।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल हैप्पी को तत्काल पास के सूर्य देव अस्पताल (शांतरशाह) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
पोस्टमार्टम के लिए रुड़की भेजा गया शव
सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कार्यवाही के लिए उप जिला चिकित्सालय रुड़की भिजवा दिया है। गांव में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।
एसएसपी ने संभाली कमान, बदमाशों को दिया सख्त संदेश
घटना की सूचना मिलते ही हरिद्वार एसएसपी अन्य उच्च अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ खुद घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी ने मौका-ए-वारदात का बारीक निरीक्षण किया और परिजनों व स्थानीय चश्मदीदों से घटना की पूरी जानकारी ली।
एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि “अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हत्यारों की धरपकड़ के लिए जिले के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, हमलावर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”
फिलहाल पूरे जनपद में नाकेबंदी कर चेकिंग जारी है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

More Stories
कार का कांच तोड़कर चोरी करने वाले 2 शातिर चोरों को ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी बरामद, त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता…
हरिद्वार में नशे के सौदागरों पर शिकंजा: श्यामपुर पुलिस ने 2 किलो गांजे और 1210 पन्नियों के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार,
लक्सर पुलिस के हत्थे चढ़े 2 शातिर चोर: ‘माइक’ पकड़कर जुर्म कबूलने वाले चोरों से 5 बाइकें की बरामद, पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों को दबोचा…