जेल में पत्नी का दबदबा बनाने की सनक: जेलर को लॉरेंस गैंग के नाम से जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज, जांच शुरू…

तनवीर अली हरिद्वार।

जेल में पत्नी का दबदबा बनाने की सनक: जेलर को लॉरेंस गैंग के नाम से जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज,

विशेष संवाददाता, हरिद्वार

​हरिद्वार जिला कारागार में बंद एक महिला कैदी का दबदबा कायम करने और जेल प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए उसके पति द्वारा वरिष्ठ जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताकर फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य को धमकी दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

डिप्टी जेलर से अभद्रता के बाद मिली थी हिदायत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 से दुष्कर्म (रेप) और पॉक्सो (POCSO) जैसी संगीन धाराओं में विचारधीन कैदी के रूप में बंद महिला ‘सविता’ (बदला हुआ नाम) हरिद्वार जेल में निरुद्ध है। कुछ समय पूर्व सविता ने जेल परिसर में ड्यूटी पर तैनात डिप्टी जेलर के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इस अनुशासनहीनता पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने उसे सख्त चेतावनी देते हुए जेल नियमों का पालन करने की हिदायत दी थी।

मिलाई के बाद रची गई धमकी की साजिश

​दो दिन पूर्व महिला कैदी का पति हिमांशु चड्ढा—जो मूल रूप से लुधियाना (पंजाब) का निवासी है और वर्तमान में ऋषिकेश में रह रहा है—जेल में अपनी पत्नी से मिलने (मिलाई) आया था। आरोप है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच जेल प्रशासन पर दबाव बनाने की योजना बनी। मिलाई के बाद जेल से बाहर आते ही हिमांशु ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक के सरकारी नंबर पर कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर सीधी चेतावनी दी कि यदि उसकी पत्नी पर सख्ती की गई तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पुलिस सर्विलांस एक्टिव, आरोपी की तलाश तेज

​वरिष्ठ जेल अधिकारी को मिली इस खुली धमकी के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी हिमांशु चड्ढा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जांच अधिकारी का बयान:

“जेल अधीक्षक को मिली धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस नंबर से फोन और व्हाट्सएप संदेश भेजे गए थे, उसे सर्विलांस पर ले लिया गया है। आरोपी की संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

  • मामला: हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य को मिली जान से मारने की धमकी।
  • वजह: पॉक्सो केस में बंद आरोपी पत्नी का जेल में वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास।
  • मोडस ऑपरेंडी: फोन कॉल और व्हाट्सएप पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम से दी गई चेतावनी।
  • कार्रवाई: आरोपी हिमांशु चड्ढा (निवासी लुधियाना/ऋषिकेश) के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सर्विलांस टीम सक्रिय।

You may have missed