हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद,रोब जमाने और विवाद में चलाई थी गोली…

तनवीर अली हरिद्वार।

हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस बरामद,रोब जमाने और विवाद में चलाई थी गोली,

हरिद्वार: कोतवाली नगर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 4 पर गोली चलाकर दहशत फैलाने वाले तीन शातिर आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए मुख्य आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

क्या था पूरा मामला?

मामला 10 सितंबर का है। ऋषिकुल चौक निवासी सुभाष ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 04 पर कुछ अज्ञात युवकों ने फायरिंग की, जिसमें एक छर्रा लगने से उनकी पत्नी के दाहिने पैर में चोट आ गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से धरपकड़

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 12 सितंबर को टिबड़ी जाने वाली रोड पर रेलवे कॉलोनी तिराहे के पास से तीन आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी प्रवेश गुप्ता के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद हुआ, जिसके बाद मुकदमे में 3/25 आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ा दी गई है।

रोब जमाने और विवाद में चलाई थी गोली

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन गेट नंबर 4 के पास चाय की ठेली पर उनका कुछ विवाद हुआ था। दोस्तों और यात्रियों के बीच अपना प्रभाव जमाने के उद्देश्य से प्रवेश गुप्ता ने डराने की नीयत से 6-7 छर्रे हवाई फायर किए, जिनमें से एक छर्रा सुभाष की पत्नी को जा लगा।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

  1. सौरभ कुमार (19 वर्ष) पुत्र मुकेश कुमार, निवासी माल गोदाम रोड, थाना लक्सर, हरिद्वार।
  2. शिवम (19 वर्ष) पुत्र रमेश, निवासी सिमली, माल गोदाम रोड, थाना लक्सर, हरिद्वार।
  3. प्रवेश गुप्ता (27 वर्ष) पुत्र संजीव गुप्ता, निवासी गाँव संवायजपुर, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश)।

दो आरोपी अभी भी फरार

पुलिस ने बताया कि इस मामले में हिरासत में लिए गए अन्य 4 लोगों में से 3 की विधिवत गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। घटना में शामिल 2 अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस टीम में शामिल सदस्य:

वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल, अपर उपनिरीक्षक सुल्तान तोमर, कॉन्स्टेबल परवेन्द्र सिंह रावत, वीरेन्द्र सिंह, जसवीर एवं सचिन पांडे।

You may have missed