स्मार्ट सेफ्टी टैग और हरिद्वार पुलिस की अनूठी पहल: कलियर उर्स मेले में परिजनों से बिछड़े 23 मासूमों को सुरक्षित मिलाया, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने टीम को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित…

तनवीर अली हरिद्वार।

स्मार्ट सेफ्टी टैग और हरिद्वार पुलिस की अनूठी पहल: कलियर उर्स मेले में परिजनों से बिछड़े 23 मासूमों को सुरक्षित मिलाया, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने टीम को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित,

हरिद्वार (विशेष संवाददाता)। विश्व प्रसिद्ध दरगाह पीरान कलियर शरीफ के वार्षिक उर्स मेले में हरिद्वार पुलिस और स्मार्ट सेफ्टी टैग (नेक्सोरा टेक्नोलॉजी) की टीम ने सुरक्षा व तकनीक का अनूठा उदाहरण पेश किया है। मेले की विशाल भीड़ में अपने परिवारों से बिछड़े 23 मासूम बच्चों को क्यूआर कोड आधारित आधुनिक तकनीक की मदद से सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुँचाया गया। इस सराहनीय कार्य और सफलता को देखते हुए आज पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (एसपी देहात) द्वारा स्मार्ट सेफ्टी टैग टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेश, पुलिस अधीक्षक देहात के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में मेले के दौरान बच्चों के खोने या बिछड़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई थी। हरिद्वार पुलिस ने नेक्सोरा टेक्नोलॉजी की ‘स्मार्ट सेफ्टी टैग’ टीम के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर क्यूआर कोड आधारित सुरक्षा टैग व्यवस्था का सफलतापूर्वक संचालन किया।

​मेले के दौरान यदि कोई बच्चा भीड़ में अपने परिवार से अलग हुआ, तो स्मार्ट सेफ्टी टैग पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर तुरंत उसके अभिभावकों से संपर्क स्थापित कर लिया गया। पुलिस और स्मार्ट सेफ्टी टैग टीम की तत्परता और जिम्मेदारी से काम करने के फलस्वरूप 23 गुमशुदा बच्चों को बिना किसी अप्रिय घटना के उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस और टैग टीम का सहृदय धन्यवाद किया।

​स्मार्ट सेफ्टी टैग की इस सरल और व्यावहारिक तकनीक की आम जनमानस ने भी जमकर सराहना की है। यह तकनीक बड़े सार्वजनिक आयोजनों में पुलिस हेल्प डेस्क, स्वयंसेवकों और ‘खोया-पाया’ तंत्र के लिए एक मजबूत सहयोगी साबित हुई है। पीरान कलियर उर्स मेले की इस सफलता को देखते हुए यह प्रणाली आगामी कुंभ मेला, धार्मिक आयोजनों, पर्यटन स्थलों, मंदिरों, दरगाह परिसरों, स्कूलों और शैक्षिक यात्राओं जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों के लिए बेहद उपयोगी मानी जा रही है।

​हरिद्वार पुलिस की इस पहल और नेक्सोरा टेक्नोलॉजी की स्मार्ट सेफ्टी टैग टीम के उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए 11 सितंबर 2026 को एसपी देहात द्वारा स्मार्ट सेफ्टी टैग टीम को आधिकारिक प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्य को सम्मानित किया गया।

You may have missed