तनवीर अली हरिद्वार।
कुंभ मेला क्षेत्र में अतिक्रमण पर गरजा प्रशासन: डीएम मयूर दीक्षित का सख्त रुख, रोजाना होगी अभियान की समीक्षा, अवैध बिजली कनेक्शन और झूलते तारों पर होगी कार्रवाई, उच्चस्तरीय बैठक में डीएम ने किए कड़े निर्देश जारी,
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को भव्य, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कुंभ मेला भवन (सीसीआर) में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नोडल अधिकारियों को कुंभ क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई महज खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रभावित क्षेत्रों को पूरी तरह खाली कराकर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां दोबारा कब्जा न हो। उन्होंने अधिकारियों को हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) के साथ संवाद कायम करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
इन प्रमुख क्षेत्रों में चलेगा अभियान
डीएम ने मनसा देवी गेट, रेलवे पटरी के किनारे, भूपतवाला-भीमगोड़ा, लालतारा पुल से ब्रह्मपुरी, बाल्मीकि चौक, शिवमूर्ति से ज्वालापुर पुल तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चिन्हित स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम को आपसी समन्वय से पूरी कार्ययोजना तैयार कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं।
अवैध बिजली कनेक्शन और झूलते तारों पर होगी कार्रवाई
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को नगर क्षेत्र से अवैध बिजली कनेक्शन काटने और झूलते हुए तारों को तुरंत हटाने का फरमान सुनाया। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करना अनिवार्य है।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में डीएम मयूर दीक्षित ने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई और विद्युत विभाग को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा ताकि कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों में कोई बाधा न आए। इस दौरान डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, एडीएम जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, एसडीएम योगेश कुमार, उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह और नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ल समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का सख्त रुख: खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 150 किग्रा एक्सपायरी रसगुल्ले नष्ट, 5 प्रतिष्ठानों को नोटिस,हरिद्वार नगर क्षेत्र में डेयरियों व मिष्ठान भंडारों पर औचक छापेमारी, पनीर, खोया व दूध के नमूने जांच के लिए लैब भेजे…
भेल हरिद्वार ने कैगा न्यूक्लियर प्रोजेक्ट के लिए 700 मेगावाट क्षमता का टीजी स्टेटर किया डिस्पैच, अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर स्टेटर को परियोजना स्थल के लिए किया रवाना…
मुरादाबाद रेल मंडल: मनन सभागार’ में पेंशनर्स सम्मान समारोह आयोजित, 21 सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान, बैंक खातों में सीधे भेजा गया निपटान भुगतान, रेलकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई, कर्मचारियों को मिला सेवानिवृत्ति निपटान प्रपत्र, RTGS के जरिए खातों में पहुंची राशि…