तनवीर अली हरिद्वार।
रानीपुर विधान सभा से उठेगी हुंकार: मनोज धनगर के नेतृत्व में 70 गाड़ियों का काफिला करेगा देहरादून कूच, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में रणनीति को दिया अंतिम रूप, मुख्यमंत्री आवास घेराव की तैयारी पूरी…
हरिद्वार/देहरादून। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर हरिद्वार की रानीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज धनगर के नेतृत्व में सोमवार को करीब 60 से 70 गाड़ियों का विशाल काफिला देहरादून के लिए रवाना होगा। मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए रानीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कूच की रणनीतियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। जनविरोधी नीतियों, राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई कथित एफआईआर, हल्द्वानी घटनाक्रम, चरम पर पहुंच चुकी महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, बेलगाम भ्रष्टाचार और बदहाल कानून-व्यवस्था को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। इसी जन-आक्रोश को आवाज देने के लिए रानीपुर का हर कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ सड़क पर उतरने जा रहा है।
धनगर ने दावा किया कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से 60 से 70 वाहनों में सवार होकर सैकड़ों कार्यकर्ता देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि सोमवार का यह घेराव कांग्रेस के अभूतपूर्व शक्ति प्रदर्शन के रूप में दर्ज होगा और सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेगा।
कूच को सुचारू और अनुशासित बनाने के लिए वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। काफिले के प्रबंधन और समन्वय का जिम्मा कैलाश प्रधान, सत्यपाल और गिरीश कश्यप समेत कई अनुभवी नेताओं को दिया गया है। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक सुर में हुंकार भरते हुए कहा कि सरकार की दमनकारी नीतियों के आगे कांग्रेस का कार्यकर्ता झुकने वाला नहीं है।
मनोज धनगर ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। सरकार जन-सरोकारों से पूरी तरह कट चुकी है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने साफ किया कि यह आंदोलन केवल एक चेतावनी है; यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के साथ अपनी मंशा साफ कर दी कि सोमवार को देहरादून की सड़कें रानीपुर कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन की गवाह बनेंगी।

More Stories
ज्वालापुर में सट्टेबाजी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ऑपरेशन प्रहार में दबोचे 6 सटोरिए ; नकदी और सट्टा पर्ची की बरामद…
कुंभ 2027: मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर निर्माणाधीन पुलों का औचक निरीक्षण, सीडीओ ने धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी,गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं, थर्ड पार्टी एजेंसी ने बरती लापरवाही तो होगी सख्त कार्रवाई: डॉ. ललित नारायण मिश्र…
राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी, ड्रोन सर्वे से होगी अवैध कब्जे और पार्किंग की पहचान, संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश, मा. उच्चतम न्यायालय के आदेशों पर जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक संपन्न…