कुंभ 2027: मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर निर्माणाधीन पुलों का औचक निरीक्षण, सीडीओ ने धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी,गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं, थर्ड पार्टी एजेंसी ने बरती लापरवाही तो होगी सख्त कार्रवाई: डॉ. ललित नारायण मिश्र…

तनवीर अली हरिद्वार।

कुंभ 2027: मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर निर्माणाधीन पुलों का औचक निरीक्षण, सीडीओ ने धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी,गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं, थर्ड पार्टी एजेंसी ने बरती लापरवाही तो होगी सख्त कार्रवाई: डॉ. ललित नारायण मिश्र…

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मेला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को लेकर मेला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के सख्त निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने मेला क्षेत्र के विभिन्न निर्माणाधीन पुलों का धरातलीय (स्थलीय) निरीक्षण किया और निर्माण की गुणवत्ता व प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।

​निरीक्षण के दौरान सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी पर बन रहे पुल की धीमी रफ्तार पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।

​इन चार प्रमुख पुल परियोजनाओं का लिया गया जायजा

  1. खड़खड़ी श्मशान घाट मार्ग (सूखी नदी): कॉजवे के स्थान पर ₹1321.96 लाख की लागत से बन रहे डबल लेन पुल का निरीक्षण।
  2. मायापुर स्कैप चैनल (दक्षद्वीप-बैरागी कैंप): पूर्व निर्मित सेतु के डाउन स्ट्रीम में ₹1246.09 लाख की लागत से बन रहे 60 मीटर स्पान बो-स्ट्रीम स्टील गर्डर डबल लेन पुल की प्रगति परखी।
  3. पथरी रौ नदी (ज्वालापुर-सुभाषनगर-शिवालिक नगर मार्ग): किमी-3 पर ₹966.61 लाख की लागत से निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान प्री-स्ट्रेस आरसीसी पुल का निरीक्षण।
  4. धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग (पथरी रौ नदी): गंगनहर साइफन के डाउन स्ट्रीम में ₹1659.42 लाख की लागत से बन रहे 90 मीटर स्पान कंपोजिट स्टील गर्डर डबल लेन पुल का जायजा लिया।

​थर्ड पार्टी एजेंसी पर भी रहेगी पैनी नजर

​सीडीओ ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तैनात थर्ड पार्टी एजेंसी नियमित जांच करे। यदि जांच एजेंसी द्वारा किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बरती गई, तो उसके खिलाफ शासन के नियमों के तहत सीधी व कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

​बारिश के बाद काम में लाएं तेजी, जरूरत पड़े तो दिन-रात चलाएं काम

​मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अब वर्षाकाल समाप्ति की ओर है, लिहाजा कार्यस्थलों पर पर्याप्त संसाधन, मशीनरी और निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यों की गति बढ़ाई जाए। मेलाधिकारी के निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य को समय पर हासिल करने के लिए आवश्यकतानुसार दिन-रात शिफ्टों में काम कराया जाए।

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद:

स्थल पर आयुक्त गढ़वाल मंडल के प्रतिनिधि विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत, कुंभ मेला टेक्निकल सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed