वैश्विक बाजार में चमकेंगे उत्तराखण्ड के उत्पाद, FTAs पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित, निर्यात को रफ्तार देने की पहल: मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाएंगे उत्तराखण्ड के उद्यमी, मुक्त व्यापार समझौतों से उत्तराखण्ड के MSME को मिलेंगे वैश्विक बाजार: मंत्री भरत सिंह चौधरी…

तनवीर अली हरिद्वार।

मुक्त व्यापार समझौतों से उत्तराखण्ड के MSME को मिलेंगे वैश्विक बाजार: मंत्री भरत सिंह चौधरी,

​देहरादून। क्षेत्रीय प्राधिकरण, विदेश व्यापार महानिदेशालय (दिल्ली) और उद्योग निदेशालय, उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वावधान में आज देहरादून में ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना’ (Leveraging Free Trade Agreements-FTAs) विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), उद्यमियों और निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) के प्रावधानों, रियायतों और निर्यात की नई संभावनाओं से अवगत कराते हुए वैश्विक बाजारों से जोड़ने पर मंथन किया गया।

​कार्यशाला में प्रतिभाग करते हुए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के उद्यमियों, निर्यातकों और विशेष रूप से MSME इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने तथा उनकी निर्यात क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड सहित अन्य देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों से भारतीय उत्पादों को शून्य अथवा रियायती सीमा शुल्क पर विदेशी बाजारों में प्रवेश के नए अवसर प्राप्त हुए हैं।

​मंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड का निर्यात वर्ष 2017-18 में ₹10,836 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में ₹13,802 करोड़ हो गया है। उन्होंने कहा कि ‘इन्वेस्ट उत्तराखण्ड’ सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए ₹70,397 करोड़ के पूंजी निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं।

​केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और अपर महानिदेशक विदेश व्यापार निखिल वर्मा ने विभिन्न देशों के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौतों, सीमा शुल्क रियायतों, उत्पादों के मूल देश संबंधी नियमों (Rules of Origin), निर्यात संवर्धन मिशन (EPM) तथा जिलों को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल (DEH) के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

​महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग, उत्तराखण्ड सौरभ गहरवार ने प्रदेश के औद्योगिक परिवेश, निवेश की संभावनाओं तथा निर्यात संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।

​कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में विभिन्न निर्यात संवर्धन परिषदों और उद्योग संगठनों के विशेषज्ञों ने कृषि, प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों, हस्तशिल्प, सेवा और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में उत्तराखण्ड के लिए उपलब्ध निर्यात अवसरों पर प्रस्तुतियां दीं। उद्योग निदेशालय के अधिकारियों ने प्रदेश की निर्यात नीति के तहत मिलने वाले वित्तीय प्रोत्साहनों, गुणवत्ता प्रमाणन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं की जानकारी दी। संवाद सत्र में उद्यमियों और निर्यातकों ने निर्यात प्रक्रिया, FTAs के व्यावहारिक उपयोग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच से जुड़े विषयों पर चर्चा कर सुझाव रखे।

​कार्यशाला में PHDCCI, CII, EEPC, EPCH, APEDA और SEPC के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में प्रदेश के उद्यमी एवं निर्यातक उपस्थित रहे।

You may have missed