छठी अखिल भारतीय समकालीन कला प्रदर्शनी – 2026” का हुआ भव्य उद्घाटन, देश भर से आए कलाकारों ने प्रदर्शित की अपनी कृतियां, 10 कलाकारों को उनके उत्कृष्ट कलाकृतियों के लिए  किया गया सम्मानित…

तनवीर अली हरिद्वार।

हरिद्वार में छठी अखिल भारतीय समकालीन कला प्रदर्शनी – 2026” का भव्य उद्घाटन
देश भर से आए कलाकारों ने प्रदर्शित की अपनी कृतियां, 10 कलाकारों को उनके उत्कृष्ट कलाकृतियों के लिये किया सम्मानित।

आज 22 नवम्बर को शिवालिकनगर में टी- 47 की आर्ट गैलरी में में “छठी अखिल भारतीय समकालीन कला प्रदर्शनी – 2026” का भव्य उद्घाटन किया गया किया गया है। हरिद्वार जिले के कला प्रेमियों के लिए विख्यात कलाकारों के प्रसिद्ध चित्रों को निकट से देखने का, यह एक सुनहरा मौक़ा है। इस कला प्रदर्शनी में देश के विभिन्न स्थानों से पधारे चित्रकारों तथा कला प्रेमियों की उपस्थिति में इसका उद्घाटन श्री ओ० पी० शर्मा संप्रति संस्थापक निदेशक “जे० एंड के० सेंटर ऑफ़ क्रिएटिव आर्ट” जम्मू ने दीप प्रज्वलन करके किया।

उद्घाटन के बाद श्री शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कला के महत्व की चर्चा की। उन्होंने हरिद्वार के प्रसिद्ध कलाकार अशोक गुप्ता द्वारा तन, मन और धन से कला की सेवा करते हुए उनके कला और कलाकारो को बढ़ावा देने के इस प्रयास की मुक्त कण्ठ से सराहना की। इसी के साथ प्रदर्शनी के आयोजक तथा आनन्द आर्ट मिशन के सचिव श्री अशोक कुमार गुप्ता द्वारा सम्पादित एक बहुरंगी कैटलॉग का विमोचन भी किया गया।
प्रदर्शनी के आयोजक एवं आनन्द आर्ट मिशन के सचिव श्री अशोक कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि, इस प्रदर्शनी के लिये 103 कलाकारों की कृतियों में से 47 कलाकारों की कृतियाँ प्रदर्शनी के लिये चयनित की गयी है। निर्णायक के रूप में “कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना” की प्राचार्य श्रीमती राखी कुमारी और दिल्ली के प्रतिष्ठित कलाकार व बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री विजय विजन थे।

प्रदर्शनी में पेंटिंग, ग्राफ़िक, मूर्तिकला, डिजिटल आदि विधाओं में बनाई गई कलाकृतियाँ शामिल थी। इनमें 10 कलाकारों को उनके उत्कृष्ट कलाकृतियों के लिये दो-दो हज़ार रुपये के चेक, प्रमाण-पत्र, उत्तराखण्ड के कला उपासक पुस्तक एवं अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। जिसमें अमृतसर के अतुल मट्टू के ऐक्रेलिक चित्र ‘अनटाइटल्ड’, गौहाटी की बबली राय के ऐक्रेलिक चित्र ‘काल-माता’, देहरादून की दिव्या गुप्ता के मिक्स्ड मीडिया में बने चित्र ‘जर्नी’, चण्डीगढ़ के लखविन्दर सिंह की कॉलाग्राफ़ी प्रिंट ‘छुपा-रुस्तम’, देहरादून के मो० मोईन की ऐक्रेलिक चित्र ‘सोल ऑफ़ उत्तराखण्ड’, बक्सर बिहार के नरेन्द्र कुमार नेचर के ऐक्रेलिक चित्र ‘टुवर्ड्स पीस’, दिल्ली के निशा रावत के ऐक्रेलिक चित्र ‘द मिरर’, देहरादून के ओ० पी० मिश्रा के ऐक्रेलिक चित्र ‘रामदूत’, अम्बाला के राहुल धीमान के वुड-कट प्रिंट ‘द पाथ विदिन’ और फरीदाबाद के राजीव सेमवाल के पेन-इंक-ऐक्रेलिक में बने ड्राइंग ‘नेचर बाण्डिंग’ रहे।

इसके अलावा ग्यारह कलाकारों को सम्मान-पत्र, उत्तराखण्ड के कला उपासक पुस्तक और अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। जिसमें गाजियाबाद की अदिशा ग्रोवर, चंडीगढ़ के आकाश, रुड़की की अलका आर्या, देहरादून के अनिर्बन धर, देहरादून के चंदा डोबरियाल, कानपुर की नेहा मिश्रा, भोपाल की नेहा शर्मा, सोनीपत की नीतू गौतम, चंडीगढ़ की रिधि मकोल, ऋषिकेश के संजीव चेतन और मुर्शिदाबाद के सुजय मालाकार रहे।
कार्यक्रम के अंत में ‘आनंद आर्ट मिशन’ की अध्यक्षा श्रीमती किरण गुप्ता ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया और प्रदर्शनी की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन रेखा सिंघल ने किया। यह कला-प्रदर्शनी 22 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक शाम के 4.30 बजे से रात्रि 7.30 बजे तक खुली रहेगी।

You may have missed