UKPSC PCS परीक्षा-2026: हरिद्वार में 52 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 20,958 अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा; प्रशासन ने कसी कमर,रुड़की में 16 और हरिद्वार में बनाए गए हैं 36 परीक्षा केंद्र, दो पालियों में होगी परीक्षा,एडीएम वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध…

तनवीर अली हरिद्वार।

UKPSC PCS परीक्षा-2026: हरिद्वार में 52 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 20,958 अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा; प्रशासन ने कसी कमर,

  • रुड़की में 16 और हरिद्वार में बनाए गए हैं 36 परीक्षा केंद्र, दो पालियों में होगी परीक्षा,
  • एडीएम वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध,

​हरिद्वार | 18 नवंबर 2026

​उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (ADM) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों और संबंधित अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

​बैठक में परीक्षा के सफल संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन तथा केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।

​दो पालियों में होगी परीक्षा, कुल 20,958 अभ्यर्थी होंगे शामिल

​एडीएम वैभव गुप्ता ने जानकारी दी कि आगामी 29 नवंबर 2026 (रविवार) को यह प्रारम्भिक परीक्षा जनपद हरिद्वार के कुल 52 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी:

  • ​प्रथम पाली: प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
  • ​द्वितीय पाली: अपराह्न 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक

​इस परीक्षा में कुल 20,958 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें रुड़की क्षेत्र के 16 परीक्षा केंद्रों पर 6,494 और हरिद्वार क्षेत्र के 36 परीक्षा केंद्रों पर 13,464 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।

​इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, केंद्रों पर पहुँचने के निर्देश

​प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अवर सचिव आशीष जायसवाल ने बैठक में बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने से डेढ़ घंटे पूर्व केंद्र पर पहुँचना अनिवार्य है। प्रवेश द्वार पर सभी अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की जाएगी ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे।

​सुरक्षा और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश

​एडीएम ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों से समन्वय बनाकर बिजली, पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर लें। गोपनीय प्रश्नपत्रों को कोषागार से सुरक्षित लाने और उनकी आवाजाही में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई है।

​रुड़की में आयोजित परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं डाकघर में जमा कराई जाएंगी, जबकि हरिद्वार क्षेत्र की उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा के बाद सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा सीधे UKPSC कार्यालय में जमा कराई जाएंगी।

​बैठक में एसपी क्राइम निशा यादव, जिला विकास अधिकारी केके पंत, आरओ लोक सेवा आयोग सुशील डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

You may have missed