तनवीर अली हरिद्वार।
रामलीला मंच से बहादराबाद पुलिस की अनूठी पहल: ‘डिजिटल रावण’ से बचने को साइबर सुरक्षा की ‘लक्ष्मण रेखा’ खींचने का दिया संदेश, ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत…
हरिद्वार / बहादराबाद (संवाददाता):
त्योहारी सीजन के दौरान साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ठगी से बचाने के उद्देश्य से बहादराबाद पुलिस ने एक अभिनव पहल की है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार स्थानीय रामलीला मंचन के दौरान पुलिस ने धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से सैकड़ों दर्शकों को साइबर सुरक्षा का पाठ पढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज ने रामायण के अरण्य काण्ड में वर्णित माता सीता के हरण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रावण ने साधु का वेश धारण कर छलपूर्वक माता सीता का हरण किया था, ठीक उसी प्रकार आज के ‘डिजिटल रावण’ भी नए-नए रूप बदलकर लोगों की गाढ़ी कमाई लूट रहे हैं।
दस सिरों वाला ‘डिजिटल रावण’ और साइबर ठगी के तरीके
उप निरीक्षक भारद्वाज ने बताया कि रावण के दस सिरों की भांति आज साइबर अपराधी भी कस्टमर केयर प्रतिनिधि, CBI या पुलिस अधिकारी, बैंक कर्मचारी अथवा रिश्तेदार बनकर लोगों को डराते और प्रलोभन देते हैं। इसके अलावा AI, डीपफेक, फर्जी लॉटरी, KYC अपडेट और संदिग्ध लिंक के जरिए रोजाना निर्दोष लोगों को शिकार बनाया जा रहा है।
साइबर सुरक्षा की ‘लक्ष्मण रेखा’: प्रमुख सावधानियां
पुलिस ने दर्शकों को ‘डिजिटल रावण’ से बचाव के लिए निम्नलिखित ‘लक्ष्मण रेखा’ का पालन करने की अपील की:
- OTP व पासवर्ड रखें गोपनीय: बैंक विवरण, OTP या पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
- अज्ञात लिंक से दूरी: संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल से सतर्क रहें।
- मजबूत पासवर्ड व टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन: सोशल मीडिया खातों को सुरक्षित रखने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करें।
- AI व डीपफेक से सतर्कता: रिश्तेदार के दुर्घटनाग्रस्त होने या अचानक पैसे मांगने की सूचना पर बिना सत्यापन धनराशि ट्रांसफर न करें।
- अज्ञात ऐप से बचें: किसी भी अनजान ऐप को डाउनलोड न करें और मोबाइल का रिमोड एक्सेस देने से बचें।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
बहादराबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो बिना घबराए तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर दर्ज कराई गई शिकायत से ठगी गई रकम के होल्ड या वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
रामलीला समिति और उपस्थित सैकड़ों दर्शकों ने पुलिस की इस जन जागरूकता पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

More Stories
हरकी पैड़ी क्षेत्र में एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे भिक्षुकों पर कसा शिकंजा, 31 गिरफ्तार, भिक्षुक अधिनियम के तहत केस दर्ज, जेबकतरों से सावधान रहने के लिए भी चलाया जागरूकता अभियान…
पीएम श्री जीजीआईसी ज्वालापुर में ‘डेटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया’ अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलन कर किया शुभारंभ; छात्राओं की स्वच्छता व प्रतिभा की जमकर सराहना की, प्रधानाचार्या पूनम राणा के नेतृत्व में जुटी गणमान्य हस्तियाँ…
जिला कारागार रोशनाबाद में ‘बोर्ड ऑफ विजिटर्स’ का जिला जज नरेंद्र दत्त, डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत भुल्लर ने निरीक्षण कर परखीं व्यवस्थाएं, जेल की बैरकों से लेकर रसोई तक टटोली व्यवस्था, बंदियों से सीधे किया संवाद, जानीं समस्याएं…