उत्तराखंड में देर रात 10:23 बजे 4.9 तीव्रता का भूकंप: चमोली, देहरादून, हरिद्वार समेत कई जिलों में हिली धरती, हड़कंप, दहशत में घरों से निकले लोग…

तनवीर अली हरिद्वार।

उत्तराखंड: राज्य में मंगलवार देर रात अचानक आए भूकंप के तेज झटकों से हड़कंप मच गया। रात करीब 10:23 बजे जैसे ही धरती हिली, लोग घबराकर अपने घरों और इमारतों से बाहर खुले मैदानों की तरफ भागने लगे।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई है, जबकि इसका केंद्र चमोली-गढ़वाल क्षेत्र के आसपास जमीन से करीब 13 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।

​भूकंप का असर पहाड़ी जिलों चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी के साथ-साथ मैदानी इलाकों देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और हलद्वानी तक देखा गया। यही नहीं, दिल्ली-एनसीआर (NCT) के कुछ हिस्सों में भी हल्के झटके महसूस किए गए।

​अचानक आए इन झटकों से बहुमंजिला इमारतों और सोसायटियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, अभी तक राज्य में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन और पुलिस तंत्र को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

You may have missed