खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (हरिद्वार) की टीम का बड़ा एक्शन: होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी और किराना दुकानों पर की छापेमारी,13 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे; हाईवे स्थित होटल-रेस्टोरेंट में गंभीर खामियां मिलने पर कई उत्पादों की बिक्री पर तत्काल रोक…

तनवीर अली हरिद्वार।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (हरिद्वार) की टीम का बड़ा एक्शन: होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी और किराना दुकानों पर की छापेमारी,13 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे; हाईवे स्थित होटल-रेस्टोरेंट में गंभीर खामियां मिलने पर कई उत्पादों की बिक्री पर तत्काल रोक

हरिद्वार, 19 सितंबर (प्रेस विज्ञप्ति): खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड देहरादून विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), नई दिल्ली के ‘रिस्क बेस्ड इंस्पेक्शन’ अभियान के अंतर्गत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने हरिद्वार–दिल्ली हाईवे स्थित एक होटल एवं रेस्टोरेंट का सघन निरीक्षण किया।

एक ही बर्तन में वेज और नॉन-वेज, सड़ी-गली सब्जियां बरामद

​निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठान केवल होटल गतिविधियों के लाइसेंस पर अवैध रूप से रेस्टोरेंट का संचालन कर रहा था। लाइसेंस में चाय उत्पाद, मीट प्रोडक्ट्स, इंडियन स्वीट्स, बेकरी तथा सीरियल प्रोडक्ट्स की श्रेणियां अंकित न होने के बावजूद इनका निर्माण व विक्रय किया जा रहा था। जांच के दौरान प्रबंधन टेस्ट रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड व ऑडिट दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

​किचन में शाकाहारी एवं मांसाहारी भोजन के लिए अलग सेक्शन नहीं थे तथा एक ही बर्तन में वेज-नॉनवेज खाना तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा नॉन-वेज डीप फ्रीजर में वेज खाद्य पदार्थ रखे मिले तथा सड़े-गले प्याज, शिमला मिर्च और पनीर का उपयोग किया जा रहा था। बिलों पर अनिवार्य 14 अंकों का एफएसएसएआई नंबर भी दर्ज नहीं था। गंभीर अनियमितताओं के चलते मीट उत्पाद, मिठाइयों और बेकरी प्रोडक्ट्स के निर्माण एवं विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई है। मौके पर 5 किलोग्राम खराब सामग्री को नष्ट कराया गया तथा 15 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।

लक्सर में डेयरियों व दुकानों पर दबिश

​वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन द्वारा लक्सर नगर में डेयरियों, नमकीन निर्माण इकाइयों एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया। यहां से खुला पनीर, नमकीन व पैक्ड फ्रूटी के नमूने लिए गए। स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने और लाइसेंस नवीनीकरण न कराने पर एक नमकीन इकाई व दो किराना दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।

शहरी क्षेत्र व ज्वालापुर की डेयरियों पर शिकंजा

​वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र भट्ट द्वारा हरिद्वार शहर के पुरुषार्थी मार्केट, निर्मला छावनी रोड तथा शिवमूर्ति चौक पर चेकिंग अभियान चलाया गया। मैसर्स अशोक प्रोविजन स्टोर से धनिया व मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए तथा केवल पंजीकरण पर व्यापार करने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया।

​दुग्ध उत्पादों की जांच हेतु शहरी क्षेत्रों की डेयरियों से खुले दूध के तीन नमूने, मेडिकल चौक स्थित चांद डेयरी (ज्वालापुर) से देसी घी तथा गुर्जर डेयरी व न्यू शिव डेयरी (खन्ना नगर) से पनीर के नमूने लिए गए।

​अभियान के दौरान कुल 13 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए। विभाग ने सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

You may have missed