तनवीर अली हरिद्वार।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा विकास भवन में आयोजित पी.एल.वी. (PLVs) / अधिकार मित्रों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,
आज दिनांक 16 मई 2026 को विकास भवन के सभागार में पी.एल.वी. / अधिकार मित्रों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित उपस्थित रहे। इनके अलावा अतिथिगणों में स्थाई लोक अदालत की अध्यक्षा श्रीमती नीतू जोशी (न्यायाधीश), प्रथम अपर जिला जज श्रीमती नीलम रात्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संदीप कुमार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर गरिमामयी रूप से उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण के इस तीन दिवसीय सत्र में विभिन्न विभागों से आए विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को जन-कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

समापन समारोह के अवसर पर संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने परा विधिक कार्यकर्ताओं / अधिकार मित्रों से आह्वान किया कि वे बिना किसी जातीय या वर्ग विशेष के भेदभाव के समाज के सभी लोगों को समान रूप से कानूनी जानकारियां प्रदान कर अपने कार्यों का निर्वहन करें। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संदीप कुमार ने पी.एल.वी. के दायित्वों को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका मुख्य कार्य आम जनता को अत्यंत सरल भाषा में सामान्य कानूनी प्रक्रियाओं से अवगत कराना है। स्थाई लोक अदालत की अध्यक्षा श्रीमती नीतू जोशी ने कहा कि देश की एक बड़ी आबादी आज भी न्यायिक बारीकियों से अनभिज्ञ है, इसलिए अधिकार मित्रों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे न्याय की आवाज को समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक सुलभता से पहुंचाएं। वहीं प्रथम अपर जिला जज श्रीमती नीलम रात्रा ने कहा कि आम जनता और अदालत के बीच की दूरी के फासले को कम करने का काम अधिकार मित्र अपने कार्यों द्वारा करें, तथा परिवारों में उत्पन्न होने वाले दीवानी (सिविल) मामलों को न्यायालय आने से पूर्व ही आपसी मध्यस्थता से सुलझाया जा सकता है, जिसमें अधिकार मित्र एक सेतु का कार्य कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य अतिथि माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे इन तीन दिनों में सीखे गए कानूनी ज्ञान को समाज के बीच पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ प्रचारित-प्रसारित करेंगे। इसके उपरांत मंचासीन सभी सम्मानित अतिथियों द्वारा प्रशिक्षित अधिकार मित्रों को प्रशस्ति पत्र, पहचान पत्र एवं आवश्यक टूल किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक समापन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर द्वारा सभी अतिथियों का आभार व धन्यवाद ज्ञापित करते हुए किया गया, जिसमें उन्होंने पुनः दोहराया कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना ही इस विधिक अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री रमन कुमार सैनी (डिप्टी एल.ए.डी.सी.), रिटेनर अधिवक्ता सीमा, लॉ इंटर्न अपूर्वा चौधरी, सोमा शरण सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का समस्त स्टाफ मुख्य रूप से उपस्थित रहा।

More Stories
सहायक श्रम आयुक्त, प्रशान्त कुमार ने सभी श्रमिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों एवं अफवाह पर ध्यान न देने की अपील, किसी भी समस्या/शिकायत के लिए रोशनाबाद स्थित श्रमायुक्त कार्यालय में लिखित एवं मौखिक रूप से करा सकते है दर्ज,
डेंगू के रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन सतर्क, डेंगू की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक में दिए सख्त, किसी भी क्षेत्र में जलभराव न होने पाए, समय से हो जल निकासी के पुख्ता प्रबंध, जनपद में डेंगू से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु न हो, सभी व्यवस्थाएं रहें सुदृढ़, *हरिद्वार 16 मई 2026*
ऑपरेशन प्रहार” के तहत रानीपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, शिवालिक नगर में हुई चोरी मामले में दो साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को दबोचा,