बहादराबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार का इनामी इस्तकार गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद एक पहले ही जा चुका है जेल, मुखबिरी का शक और ब्लैकमेलिंग बनी शांतरशाह में हैप्पी के कत्ल की वजह…

बहादराबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹10 हजार का इनामी इस्तकार गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद एक पहले ही जा चुका है जेल,

2022 की मुखबिरी का शक और ब्लैकमेलिंग बनी 28 वर्षीय हैप्पी के कत्ल की वजह

तनवीर अली हरिद्वार।

  • ​बहादराबाद पुलिस ने ₹10,000 के इनामी बदमाश इस्तकार को छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर पकड़ा
  • ​मुखबिरी के शक और पुरानी रंजिश के चलते तीन दोस्तों ने मिलकर रची थी कत्ल की साजिश
  • ​मामले में एक आरोपी मुठभेड़ के बाद पहले ही भेजा जा चुका है जेल, अन्य की तलाश जारी

​बहादराबाद/हरिद्वार।

पतंजलि रोड पर हुए बहुचर्चित ‘हैप्पी हत्याकांड’ का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस ने सहारनपुर क्षेत्र से आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट बरामद की है।

​क्या था मामला?

​गत 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा (शान्तरशाह) के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के संबंध में मृतक के भाई कपिल निवासी शान्तरशाह की तहरीर पर बहादराबाद थाने में मु0अ0सं0 326/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन कर जल्द अनावरण के निर्देश दिए थे। पुलिस ने आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

​घेराबंदी कर सहारनपुर बॉर्डर से पकड़ा

​बहादराबाद पुलिस टीम लगातार सुरागरसी और पतारसी में जुटी थी। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी इस्तकार थाना फतेहपुर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास पहुंचकर घेराबंदी की और अभियुक्त इस्तकार को गिरफ्तार कर लिया।

​मुखबिरी के शक में रची थी कत्ल की साजिश

​पुलिस पूछताछ में आरोपी इस्तकार (24 वर्ष) पुत्र वहीद निवासी शान्तरशाह ने बताया कि उसे हैप्पी पर वर्ष 2022 के एक मामले में पुलिस से मुखबिरी करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोप है कि हैप्पी उसे लगातार पुलिस से पकड़वाने की धमकी दे रहा था और पैसों की मांग भी कर रहा था। इसी विवाद के चलते इस्तकार ने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर हत्या का प्लान बनाया। आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया।

​पुलिस टीम में शामिल अधिकारी

​कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, व0उ0नि0 अशोक सिरसवाल, बाजार चौकी प्रभारी उ0नि0 विकास रावत, शान्तरशाह चौकी प्रभारी उ0नि0 अजय कुमार, उ0नि0 हेमदत्त भारद्वाज, हे0का0 राजवर्धन, कानि0 विकास थापा और कानि0 सतेन्द्र चौधरी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

You may have missed