सीएसआर फंड से राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुमन नगर को मिली नई सुविधाएँ…किर्बी कंपनी द्वारा विद्यालय को उपलब्ध कराई गई शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाएँ… कंपनी की पहल से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं अधोसंरचना में होगा उल्लेखनीय सुधार….

सीएसआर फंड से राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुमन नगर को मिली नई सुविधाएँ

कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत किर्बी कंपनी द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय सुमन नगर में लगभग 7.50 लाख रुपये की लागत से शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। इस पहल से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं अधोसंरचना में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
कंपनी की ओर से विद्यालय को सीलिंग फैन, शिक्षकों के लिए टेबल-कुर्सियाँ, विद्यार्थियों के लिए टेबल-कुर्सियाँ, समरसेबल पंप सेट, अलमारियाँ, वॉटर टैंक, इनवर्टर, कंप्यूटर सेट, स्मार्ट बोर्ड तथा स्वच्छ पेयजल हेतु वाटर कूलर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा विधायक आदेश चौहान ने कहा कि किर्बी कंपनी सामाजिक दायित्व के तहत शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से सरकारी विद्यालयों की स्थिति में सुधार होता है और जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलती है। उन्होंने किर्बी कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
किर्बी कंपनी के उपाध्यक्ष (मैन्युफैक्चरिंग) श्री अशोक कुमार किशन राव ने अपने संबोधन में कहा कि कंपनी केवल औद्योगिक विकास तक सीमित न रहकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए भी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कर रही है तथा भविष्य में भी प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए इस प्रकार के सामाजिक कार्य करती रहेगी।
कंपनी के उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री धीरेंद्र चौहान ने उपलब्ध कराई गई सामग्री का विवरण देते हुए बताया कि विद्यालय को 4 सीलिंग फैन, 3 शिक्षकों के लिए टेबल-कुर्सियाँ, 30 विद्यार्थियों के लिए टेबल-चेयर, 1 समरसेबल पंप सेट, 3 अलमारियाँ, 1 वॉटर टैंक, 1 इनवर्टर, 1 कंप्यूटर (प्रिंटर सहित), 3 स्मार्ट बोर्ड तथा 1 वाटर कूलर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी प्राथमिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेगी, जिससे इन सेवाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों तक पहुँच सके।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सचिन चौहान ने अपने वक्तव्य में बताया कि पूर्व में विद्यालय में फर्नीचर एवं शैक्षणिक संसाधनों की भारी कमी थी, जिसके कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था। उन्होंने किर्बी कंपनी द्वारा प्रदान किए गए फर्नीचर एवं आधुनिक उपकरणों के लिए कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से छात्रों की उपस्थिति, रुचि एवं शैक्षणिक स्तर में निश्चित रूप से सुधार होगा। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक कदम बताया।
कार्यक्रम में किर्बी की और से श्री प्रवीण कौशिक (उपमहाप्रबंधक, मेंटेनेंस), श्री अरुण मलकानिया (उपमहाप्रबंधक, पी एम जी), श्री राजेश कुमार (प्रबंधक, मानव संसाधन), श्री अभिषेक कुमार (प्रबंधक, मानव संसाधन) तथा श्री रोबिन कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

You may have missed