तनवीर अली हरिद्वार।
खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: भूपतवाला के होटल में मिला एक्सपायर्ड दूध-ब्रेड, 120 किलो बिना लेबल का आटा सीज, नवरात्र व चारधाम यात्रा के दृष्टिगत उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर चला आकस्मिक चेकिंग अभियान; संचालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई, लग सकता है लाखों तक का जुर्माना
हरिद्वार (विशेष संवाददाता)।
नवरात्र पर्व एवं चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए तीर्थनगरी में श्रद्धालुओं और आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (उत्तराखंड) के आयुक्त विनय शंकर पांडे तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को नगर निगम हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों, होटलों और रेस्टोरेंटों में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने सप्तऋषि चुंगी के पास स्थित ‘होटल शांति हेरिटेज’ (संचालित: परफेक्ट स्टेज होटलों एंड रिजॉर्ट्स प्रा. लि.) में छापेमारी की।
रसोई में मिला एक्सपायरी सामान, मौके पर कराया नष्ट
निरीक्षण के दौरान होटल के किचन में भारी अनियमितताएं पाई गईं। पर्यटकों और श्रद्धालुओं के भोजन तैयार करने में एक्सपायरी तिथि बीत चुके दूध और ब्रेड का प्रयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही एक्सपायरी डेट वाले लगभग 20 पैकेट दूध और ब्रेड को तत्काल नष्ट करवाया।
120 किलो आटा सीज, लैब भेजा सैंपल
कार्रवाई के दौरान होटल की रसोई से 10-10 किलोग्राम के 12 सीलबंद कट्टे (कुल 120 किलो) आटा बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत इन कट्टों पर पैकिंग तिथि, एक्सपायरी डेट, एमआरपी और बैच नंबर जैसे आवश्यक लेबल दर्ज नहीं थे। विभाग ने आटे का विधिक नमूना (सैंपल) लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है तथा शेष आटे को मौके पर सीज कर होटल प्रबंधन की अभिरक्षा में दे दिया है।
दस्तावेज न दिखाने पर नोटिस, 3 लाख तक के जुर्माने का प्रावधान
मानकों के उल्लंघन पर होटल के शेफ और नॉमिनी/डायरेक्टर के खिलाफ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई प्रस्तावित की गई है, जिसमें अधिकतम ₹3 लाख तक के अर्थदंड (पेनल्टी) का प्रावधान है।
इसके अलावा, चेकिंग के दौरान होटल प्रबंधन पेयजल जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, क्रय बिल, एमओयू और लीज डीड जैसे जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। विभाग ने होटल प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर सभी कागजात कार्यालय में प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण अभियान लगातार रहेगा जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नवरात्र और यात्रा सीजन को देखते हुए होटलों, ढाबों व खाद्य दुकानों पर यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

More Stories
श्री देव सुमन नगर रामलीला: राव अफाक अली और मनोज धनगर ने की शिरकत, दी हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल, “सिर्फ नारे लगाने से नहीं, श्री राम के किरदार को अपनाने से बनेंगे सच्चे भक्त” — रामलीला में बोले राव अफाक व मनोज धनगर…
उत्तराखंड पुलिस के मोटरसाइकिल दल का हरिद्वार पहुंचने पर भव्य स्वागत: ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ का संदेश लेकर एकता नगर गुजरात के लिए बढ़ा कदम, एसपी निशा यादव ने स्वागत कर दी शुभकामनाएं…
जिला योजना समिति चुनाव: निकाय क्षेत्र के 13 सदस्य निर्वाचित, 7 मतदान से तो 6 बने निर्विरोधन,गर निगम रुड़की क्षेत्र से 5 और हरिद्वार से 5 सदस्य चुने गए,सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने दी शांतिपूर्ण मतगणना और परिणामों की जानकारी…