तनवीर अली हरिद्वार।
रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डा क्षेत्र में यातायात सुधार को लेकर प्रशासन सख्त, डिवाइडर कटों पर लगे बैरिकेड्स,चरणबद्ध तरीके से लागू होंगे अन्य नियम…
हरिद्वार, 19 अक्टूबर 2026
त्योहारी सीजन में शहर में श्रद्धालुओं और यात्रियों की बढ़ती भीड़ तथा यातायात के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में रेलवे स्टेशन और बस अड्डा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संयुक्त निरीक्षण की संस्तुतियों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) निखिल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत दिलाने और आवागमन को सुव्यवस्थित करने के लिए प्राथमिक स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्य कदम एवं व्यवस्थाएं:
- डिवाइडर कटों पर बैरिकेडिंग: रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 2 और गेट संख्या 6 के बीच स्थित डिवाइडर कटों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। इससे अनावश्यक यू-टर्न और गलत दिशा (Wrong-side) में वाहनों के आवागमन पर रोक लगेगी, जिससे यातायात एक दिशा में सुचारु रूप से चल सकेगा।
- देवपुरा से शिवमूर्ति चौक तक ‘नो ई-रिक्शा जोन’ प्रस्तावित: संयुक्त निरीक्षण की संस्तुति के तहत देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक तक के मार्ग को ‘नो ई-रिक्शा जोन’ घोषित करने का प्रस्ताव है। इस संबंध में पुलिस विभाग द्वारा आदेश जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
- ANPR कैमरों से होगी निगरानी: यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम कसने के लिए क्षेत्र में 4 ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
- ऑटो-विक्रम चालकों पर प्रवर्तन कार्रवाई तेज: रेलवे स्टेशन व बस अड्डे के आसपास सड़क पर बेतरतीब ढंग से सवारी बैठाने और उतारने वाले ऑटो व विक्रम वाहनों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। परिवहन विभाग की मोबाइल प्रवर्तन टीमें और पुलिस बल क्षेत्र में तैनात हैं।
- अतिरिक्त बल की तैनाती: प्रस्तावित ‘नो ई-रिक्शा जोन’ में नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए 6 होमगार्ड जवानों की तैनाती का प्रस्ताव भी भेजा गया है।
चरणबद्ध तरीके से लागू होंगे अन्य नियम
प्रशासनिक योजना के अनुसार रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 2 से वाहनों का प्रवेश और गेट संख्या 6 से निकास की व्यवस्था लागू की जाएगी। इस संबंध में पुलिस, परिवहन विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही सवारियां बैठाने-उतारने की अपील की है ताकि त्योहारों के दौरान स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को जाम से मुक्ति मिल सके।

More Stories
रुद्रपुर में विजयादशमी पर ट्रैफिक प्लान लागू: एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर भारी वाहनों की एंट्री बंद, भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री और वैकल्पिक मार्ग, शाम 4 बजे से लागू होगा मुख्य रूट डायवर्जन, देखें पूरी जानकारी…
शिवगढ़ रामलीला में हुड़दंग मचाने वाले 9 हुदंगियों को किया गिरफ्तार, पथरी पुलिस ने की सख्त कार्रवाई…
दशहरा पर्व को लेकर एसपी सिटी दीपक सिंह ने किया प्रमुख दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश…